मूसलाधार बारिश बनी आफत, सड़क से लेकर घरों में भरा पानी, उखड़े पेड़

-महापौर ने पार्षदों के साथ देखी कांवड़ यात्रा की व्यवस्था

गाजियाबाद। शहर में दो दिन से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश आफत बन गई है। शहर में जहां सड़कों व घरों में पानी तक भर गया। वहीं,पेड़ भी उखड़ गए। रविवार को बारिश के बीच महापौर सुनीता दयाल ने पार्षदों के साथ कई इलाकों में निरीक्षण किया। महापौर व पार्षदों ने बारिश से हुए जलभराव मेें खड़े होकर फोटो भी खिंचवाए। सड़कों पर जलभराव होने के बाद निगम के अधिकारियों को पानी की निकासी के निर्देश दिए। वहीं,महापौर ने कांवड़ यात्रा की व्यवस्था को भी देखा। दुहाई से लेकर हिंडन नदी तक कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया।

कांवड़ शिविरों का भी हाल जाना। बारिश होने से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव हो गया। महापौर ने पार्षद राजीव शर्मा,पार्षद पूनम सिंह,पार्षद शीतल चौधरी,पार्षद मनोज त्यागी, पार्षद कुलदीप त्यागी,पार्षद हिमांशु चौधरी,पार्षद विनिल दत्त, पार्षद उदित मोहन गर्ग, पार्षद अभिषेक चौधरी,पार्षद प्रवीण चौधरी आदि पार्षदों के साथ बारिश में ही शहर में निरीक्षण के लिए पहुंची थी।

सड़कों पर जलभराव होने और पानी की निकासी न होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। महापौर ने बारिश में उखड़ गए पेड़ों को हटाने के लिए निगम के उद्यान विभाग के प्रभारी को निर्देश दिए। इसके बाद कई स्थानों से पेड़ों को हटाया गया। इस दौरान नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़, जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी,नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार आदि अधिकारी भी विभिन्न क्षेत्रों में व्यवस्था दुरूस्त कराते हुए उपस्थित रहे। नगर आयुक्त के निर्देश पर शरह में जलभराव होने के बाद 30 पंप लगाकर पानी को साफ किया गया। वहीं, नासिरपुर फाटक के पास, शास्त्री नगर, कविनगर,सेक्टर-23 संजयनगर आदि इलाकों में पेड़ उखड़ जाने के बाद उन्हें तत्काल हटाया गया।

महापौर ने पार्षदों के साथ दुहाई से लेकर हिंडन नदी तक शिव कांवड़ सेवा समिति मोरटा,श्री धर्मार्थ सेवा समिति,मायापुरी कांवड़ सेवा धाम, मुस्कान सेवा संगठन नंदग्राम, साईं उपवन नगर निगम के शिविर आदि कांवड़ शिविरों को देखा। मुख्य मार्गों पर जलभराव होने के चलते उन्होंने तत्काल फोन कर संबंधित अधिकारियों को मोके पर बुलाकर समस्या का समाधान कराया। महापौर ने सभी कांवड़ शिविरों में शिवभक्तों की हौसला आफजाई करते हुए मेडिकल कैंप पर उपस्थित लोगों से भी बात की।

शिविरों में स्टील के बर्तनों का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। नगर निगम की टीमों द्वारा शहर में जलभराव होने के चलते जेटिंग मशीन, सॉकिंग मशीन, पंप, जेसीबी मशीन, पोकलेन आदि से पानी को निकालने की व्यवस्था की गई। महापौर ने हिंडन नदी के पास मायापुरी कांवड़ सेवा समिति द्वारा लगाए गए कांवड़ शिविर का उद्घाटन भी किया। शिविर में शुद्ध भोजन,मिष्ठान,चाट एवं कांवडिय़ों के ठहने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही स्टील के बर्तनों का प्रयोग कर जीरो वेस्ट शिविर का आयोजन किया गया।