यतेंद्र कसाना अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस छोड़ रालोद में हुए शामिल

गाजियाबाद। अगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एक पार्टी से दुसरे पार्टी में शामिल होने का सिलसिला शुरू हो गया है। पश्चिमी यूपी किसान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय गुर्जर परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष यतेंद्र कसाना अपने समर्थकों के साथ शुक्रवार को रालोद में शामिल हो गए। नवयुग मार्किट में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष यशवीर सिंह ने कहा कि यतेंद्र कसाना के रालोद में शामिल होने से पार्टी को मजबूती के साथ एक नई दिशा भी मिलेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष जंयत चौधरी की नितियों से प्रभावित होकर दुसरी पार्टी के कार्यकर्ता रालोद में शामिल हो रहे है। जिससे रालोद का लगातार कद बढ़ रहा है। भाजपा सरकार का ध्यान रोजगार देने के बजाए पैसा कमाने पर है। जनता की जेब पर डाका डालने का भाजपा काम कर रही है। मंहगाई चरम सीमा पर है, घर का बजट बिगड गया है। भाजपा में सिर्फ गुंडाराज रह गया है। पार्टी बहुजन उदय अभियान के तहत लगातार लोगों को पार्टी से जोडऩे के लिए अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में सपा के साथ होने वाले गठबंधन में रालोद गाजियाबाद में चार सीटें मांग रही है। कांग्रेस छोड़कर रालोद में शामिल हुए यतेंद्र कसाना ने कहा कि किसान होने के नाते उनका पुराना नाता राष्ट्रीय लोकदल के साथ है। कांग्रेस में कुछ नेता ऐसे हैं जो काम करने वालों को पसंद नहीं करते हैं। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष अरुण चौधरी भुल्लन, पूर्व मुरादनगर प्रत्याशी अजय प्रमुख, पूर्व राष्ट्रीय सचिव चौधरी तेजपाल सिंह, ओडी त्यागी, भूपेंद्र बॉबी, हिमांशु नागर व हिमांशु चौधरी, अजयवीर सिंह एडवोकेट, शुभेंदु कौशिक, जितेंद्र कसाना आदि मौजूद रहे।