बिहार में बड़ा हादसा, नाव पलटने से 22 डूबे

पूर्वी चंपारण में सिकहराना नदी में हुई घटना

पटना। बिहार में रविवार की सुबह बड़ा हादसा प्रकाश में आया है। सिकहराना नदी में अचानक नाव पलटने से 22 यात्री डूब गए। घटना के बाद सरकारी तंत्र में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बचाव एवं राहत कार्य शुरू कराया गया। 5 नागरिकों को सकुशल बचा लिए जाने की खबर है। इसके अलावा एक बच्ची का शव भी बरामद किया गया है। बिहार के पूर्वी चंपारण में यह घटना सामने आई है। मुख्यमंत्री ने हादसे का संज्ञान लिया है।

पुलिस के मुताबिक पूर्वी चंपारण की सिकहराना नदी में रविवार की सुबह करीब 11 बजे छोटी नाव पर सवार होकर कुछ नागरिक मवेशियों के लिए घास काटने निकले थे। ऐसे में नाव अचानक पलट गई। हादसे के समय नाव पर 22 नागरिक सवार थे, जिसमें अधिकांश महिलाएं शामिल हैं। हादसे की सूचना पाकर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी आनन-फानन में घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। हादसे के बाद आस-पास के ग्रामीणों ने एक बच्ची का शव नदी से बाहर निकाल लिया। इसके अतिरिक्त 5 नागरिकों को बचा लिया गया है। जिन्हें चिरैया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें मोतिहारी रेफर कर दिया गया।

नाव पर सवार सभी लोग गोढिया हराज गांव के बताए जाते हैं। वह प्रतिदिन नाव पर सवार होकर नदी पार कर मवेशियों के लिए घास लाने जाते थे। प्रतिदिन की भांति रविवार को भी सभी नागरिक नाव में सवार होकर घास काटने जा रहे थे। शिकारगंज थाना पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। आस-पास के कुछ गांवों के सैकड़ों ग्रामीण भी घटनास्थल के पास जुट गए। स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया है। पुलिस का कहना है कि नाव छोटी होने और जरूरत से ज्यादा भार पड़ने के कारण संभवत: यह हादसा हुआ है।