बिहार : कन्हैया नहीं लड़ेंगे विधान सभा चुनाव

भाकपा के आदेश पर दिल्ली से जल्द लौटेंगे

पटना। जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) नेता कन्हैया कुमार बिहार विधान सभा चुनाव में अपनी किस्मत नहीं आजमाएंगे। उन्होंने आसन्न विधान सभा चुनाव लडऩे की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा है कि चुनाव में पार्टी की तरफ से जो जिम्मेदारी मिलेगी, उसका निर्वहन किया जाएगा। बिहार में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर चल रही है। विधान सभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होना बाकी है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल मतदाताओं को रिझाने की हरसंभव कोशिश में जुटे हैं। जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और भाकपा नेता कन्हैया कुमार को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं। उनके चुनाव मैदान में उतरने पर भी सस्पेंस कायम था। भाकपा नेता कन्हैया कुमार ने अब सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने विधान चुनाव लडऩे से साफ इंकार किया है। महागठबंधन में सीटों की घोषणा में देरी पर कन्हैया ने कहा कि ऐसा प्रत्येक चुनाव में होता है। समय पर सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री प्रत्याशी के सवाल पर कन्हैया ने कहा कि स्वाभाविक है कि जो सबसे बड़ा दल होगा, उसी का मुख्यमंत्री बनेगा। कन्हैया फिलहाल दिल्ली में हैं। वह जल्द बिहार लौट सकते हैं। सनद रहे कि पिछले बिहार विधान सभा चुनाव में 6 वामपंथी दलों ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था। सीपीआई और सीपीएम अपना खाता नहीं खोल पाई थीं। जबकि सीपीआई एम-एल को 3 सीटें मिली थीं। महागठबंधन में वामपंथी दलों को कितनी सीटें मिलेंगी, यह देखना अभी बाकी है। सीट शेयरिंग पर दलों के बीच मंत्रणा का दौर जारी है। बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाकपा नेता कन्हैया कुमार को हार का सामना करना पड़ा था।