हर क्षेत्र में अग्रसर, सक्षम नारी ही समाज को बनाएगी सशक्त: प्रधान जयवीर गुर्जर

-नारी सशक्तिकरण कैंप में महिलाओं को किया अधिकार एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक

हापुड़। महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और अपनी बहन बेटियों को भी सुरक्षा और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करें। नारी सम्मान सर्वोपरि है। हमें हमेशा महिलाओं का सम्मान करना चाहिए। महिलाएं बलिदान की एक मिसाल हैं। क्योंकि सोशल मीडिया के जमाने में व्हाट्सएप से लेकर फेसबुक तक पत्नियों के लिए तरह-तरह के चुटकुले सामने आते हैं, जिनमें महिलाओं का मजाक उड़ाया जाता हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए, क्योंकि महिलाओं को हमेशा से अलग ही सम्मान दिया गया है। हमारा देश सदियों से समृद्धशाली रहा है।

यह बातें गुरूवार को ग्राम मुक्तेश्वरा में नारी सशक्तिकरण कैंप में आयोजित बैठक के दौरान महिलाओं को जागरूक करते हुए ग्राम प्रधान एवं गाजियाबाद नगर निगम के कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष जयवीर गुर्जर ने कहीं। उन्होंने कहा महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए प्रदेश सरकार की मुहिम मिशन शक्ति ने ग्रामीण व शहरी क्षेत्र की महिलाओं भी आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, जिससे महिलाएं खुद को समाज में सुरक्षित महसूस कर सकें। लोगों में भी महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन की भावना का प्रसार हो। बेटा-बेटी में कोई भेद नहीं करना चाहिए, कोख में बेटियों की हत्या और बाल-विवाह जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एकजुट होने की जरूरत है।
प्रधान जयवीर गुर्जर ने कहा कि हर व्यक्ति को कानून और अपने अधिकारों के बारे में जानकारी अवश्य होनी चाहिए। जानकारी के अभाव में अक्सर लोगों की मुश्किले बढ़ जाती है। बच्चियों को पढ़ाना और आत्मनिर्भर बनाना बेहद जरूरी है। सक्षम नारी ही सशक्त नारी बन पाएगी और सशक्त समाज बनाएगी। महिलाओं को किसी भी परेशानी से डरने की जरूरत नही है, तत्काल कॉल करके पुलिस से सहायता ले सकती है।
कैंप में महिला रिपोर्टिंग चौकी चौपला की इंचार्ज प्रतिमा त्यागी अपनी टीम के साथ उपस्थित रही और महिलाओं को उनकी सुरक्षा एवं साइबर क्राइम आदि विषय के बारे में संपूर्ण जानकारी दी और ग्राम वासियों की समस्याएं सुनी व निस्तारण किया।

चौकी इंचार्ज प्रतिमा त्यागी ने महिलाओं को साइबर क्राइम के प्रति जागरूकत करते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर अपनी निजी तस्वीरें डालने से बचें। उनका कोई भी इस्तेमाल कर सकता है। अगर तस्वीरें डालना चाहते हैं तो अपने फ़ेसबुक अकाउंट पर अपनी प्राइवेसी सेटिंग्स को पब्लिक न करें। सेटिंग्स ऐसे रखें कि आपकी फोटो को सिर्फ आपके अपने और दोस्त ही देख पाए, कोई अंजान व्यक्ति न देख पाए। अजनबी लोगों को कभी भी फेसबुक पर न जोड़े, कई बार ऐसा करने से मुश्किल में पड़ सकते है। प्रोफेशनल लोगों को लिंकडइन पर जोड़ें, फेसबुक पर उनके साथ न जुड़ें। वहीं, ट्विटर के ऊपर बिल्कुल भी निजी तस्वीरें न डालें, यह एक सोशल नेटवर्किंग साइट नहीं है, यह एक ट्विटिंग प्लेटफॉर्म है।