पारिवारिक विवाद में भतीजों ने चाचा को मारी गोली, मौत

-विवाद के चलते 15 दिन पूर्व साले की भी की थी हत्या

गाजियाबाद। निवाड़ी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते भतीजों ने चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित भतीजे हथियार लहराते हुए फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि भतीजे और उसकी पत्नी के बीच चल रहे विवाद में मृतक चाचा भतीजे का साथ देने के बजाए उनकी बहू का पक्ष लेते थे। जिस कारण वारदात को अंजाम दिया गया। इससे पूर्व गत 16 जुलाई को भी हापुड़ के गांव छज्जूपुर में अपने साले की हत्या कर दी थी। जिसमें आरोपी फरार चल रहे थे।

निवाडी स्थित गांव अबूपुर निवासी ओमवीर प्रजापति (42) अपने परिवार के साथ रहता था। वह भट्टे पर ईंट ढुलाई का काम करता था। ओमवीर रोजाना सुबह करीब 6 बजे घर से भट्टे पर चला जाता था। शनिवार सुब वह ड्यूटी जाने के लिए तैयार हो रहा था। तड़के साढ़े 4 बजे जब वह घर के बाहर टूथब्रूश कर रहे थे, तभी बाइक पर आए उनके दो भतीजों ने गोली मारकर हत्या कर दी। ओमवीर की चीख सुनकर पत्नी कमलेश घर के बाहर दौड़ी तो उन्होंने बाइक पर भाग रहे हत्यारोपी गौरव व सोनू को पहचान लिया। गंभीर हालत में ओमवीर को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बहू का साथ देने पर थी भतीजों की नाराजगी
पुलिस का कहना है कि ओमवीर के तीन सगे भतीजे गौरव, मोनू और सोनू गांव में ही रहते है। सोनू का अपनी पत्नी राधा के साथ पिछले काफी समय से विवाद चल रहा है। सोनू अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। जिस पर ओमवीर राधा का पक्ष लेते थे। दो माह पूर्व सोनू ने पत्नी राधा की बड़ी बेहरहमी से पिटाई कर दी थी। जिसमें ओमवीर ने राधा का पक्ष लिया था। जिस कारण चाचा-भतीजों में कहा सुनी हो गई थी। तब भतीजों ने उन्हें जान से मारने की धमकी तक दे दी थी। बहन राधा की पिटाई से नाराज भाई सचिन ने गांव में आकर तीनों से से मारपीट की थी। जिसके बाद तीनों गांव छोड़कर चले गए थे। हापुड़ के गांव छज्जूपुर में 16 जुलाई को सचिन की घर के पास गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना को बाइक सवार तीन युवकों ने सुबह करीब सवा 4 बजे अंजाम दिया था। जिसमें हत्यारोपी कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए थे। जांच में पता चला कि सचिन की हत्या उसके जीजा सोनू और सोनू के भाई गौरव व मोनू ने ही की थी। जिसके बाद से तीनों फरार चल रहे थे। आरोपी पत्नी राधा को भी मारने के लिए आये थे।एसएसपी मुनीराज जी. ने बताया कि मृतक ओमवीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पत्नी कमलेश की तहरीर पर गौरव व मोनू के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।