भारत के लिए जापान ने खोली अपनी तिजौरी, 3.2 लाख करोड़ का करेगा निवेश

नई दिल्ली। भारत और जापान के रिश्तों में मधुरता देखने को मिल रही है। जापान के पीएम फुमियो किशिदा ने भारत के पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। अगले 5 साल के भीतर जापान द्वारा भारत में 3.2 लाख करोड़ का निवेश किया जाएगा। अपने जापानी समकक्ष से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने शनिवार को यह जानकारी दी। जापान के पीएम फुमियो किशिदा और भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने 14वें भारत-जापान शिखर सम्मेलन में भाग लिया। तदुपरांत दोनों नेताओं ने भारत-जापान आर्थिक मंच को संबोधित किया।

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि प्रगति, समृद्धि और साझेदारी भारत-जापान संबंधों के आधार हैं। हम भारत में जापानी कंपनियों को हरसंभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पीएम मोदी ने बताया कि जापान अगले 5 साल के भीतर भारत में 3.2 लाख करोड़ निवेश करेगा। उन्होंने कहा कि भारत-जापान के बीच आर्थिक साझेदारी में प्रगति हुई है। जापान भारत में सबसे बड़े निवेशकों में से एक है। भारत-जापान मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर वन टीम-वन प्रोजेक्ट के रूप में काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज की हमारी चर्चा ने हमारे आपसी सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का मार्ग प्रशस्त किया। विपक्षीय मुद्दों के अलावा कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान प्रदान किया गया। यूनाइटेड नेशन और अन्य अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी समन्वय बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। जापान के पीएम किशिदा ने कहा कि भारत और जापान के बीच घनिष्ठ साझेदारी होना बहुत जरूरी है। रूस-यूक्रेन विवाद पर जापान के पीएम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून के आधार पर शांतिपूर्ण समाधान निकलना चाहिए।