ठेकेदार का कमाल लोगों में मचा बवाल

लोगों का आरोप गांधीपुरम वार्ड-46 सिद्धार्थ नगर में निमार्ण कार्य छोड़ कर चला गया ठेकेदार

उदय भूमि ब्यूरो
अश्वनी शर्मा, बरेली। कहीं नगर निगम की लापरवाही तो कहीं ठेकेदार की मनमानी। आम जनता के लिए बन रही है परेशानी। चाहें मुहल्ला हो या कालोनी हर तरफ पानी निकासी की समस्या विकराल है। लेकिन जनता की परेशानी पर ना तो नगर निगम तरस खाता है और ना ही जन प्रतिनिधि।

ऐसे में आम जनता आखिर किसका दरवाजा खटखटाए। आखिर किसकी चौखट पर जाकर धक्का खाए। आखिर कोई तो बताए। इसी कशमकश में जनता देश के चौथे स्तंभ की ओर कदम बढ़ा ही देती है।
पानी निकासी की ही समस्या से जूझ रहे गांधीपुरम् वार्ड-46 के कालोनी वासी। जहां अधूरा निर्माण कार्य छोड़कर लापता हो गया ठेकेदार। जनता पूछ रही है बार बार आखिर कहां भाग गया ठेकेदार।

बता दें कि डेढ़ महीने पहले सिद्धार्थ नगर निकट हार्टमैन कालेज के पास में पानी निकासी के लिए नाली का निमार्ण कार्य शुरू हुआ। लोगों ने नाली में ठेकेदार द्वारा पीला ईंट लगाने की शिकायत नगर निगम और जनप्रतिनिधि से की। लेकिन कहीं से कोई उचित जवाब नहीं मिला।

स्थानीय निवासी ललित मौर्य का कहना है कि ठेकेदार द्वारा मुख्य सड़क तो बना दी गई। लेकिन गलियों में काम अधूरा छोड़कर चला गया।

अधूरा निर्माण कार्य छोडऩे को लेकर क्षेत्रवासियों ने सभासद से शिकायत की तो उन्होंने कहा ठेकेदार मिल नहीं रहा। जब मिलेगा तब कार्य शुरू हो जायेगा।आप लोग परेशान न हो। रोज सुबह गली में पानी भर जाता है। कभी भी कोई हादसा हो सकता है। शिकायत कर्ता हरीश कुमार शर्मा का कहना है कि ठेकेदार काम छोड़कर भाग गया। लेकिन जनता के लिए परेशानी खड़ी कर गया।

नाली का पानी सड़क पर भरने से निकलने में भी परेशानी होने लगी है। लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पिछले डेढ़ महीने से क्षेत्र के लोग परेशान हैं।

जब इस मामले में पार्षद पति अशोक गंगवार से बात की। तो उन्होंने बताया कि मुख्य सड़क बनाने का ठेका जिस ठेकेदार को दिया गया।

वह अपना काम पूर्ण करके गया है। अब रही बात गलियों में नाली निर्माण कार्य की तो उसके लिए दूसरा ठेकेदार आएगा। कहा कि स्थानीय लोगों को पहले ही समझाया जा चुका है। फिर भी कुछ लोग वेवजह शिकायत करते रहते हैं। दूसरे ठेकेदार द्वारा जल्दी ही कार्य शुरु करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें जनता ने चुना है। जनता की समस्या हमारी समस्या है। किसी को भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
अशोक गंगवार, पार्षद पति
वार्ड नंबर-46 बरेली।