यूक्रेन में संकट गहराया, भारतीयों की सुरक्षित वापसी का अभियान शुरू

नई दिल्ली। भीषण जंग के मुहाने पर खड़े यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने का मिशन आरंभ हो गया है। इसके लिए एयर इंडिया का विशेष विमान मंगलवार को यूक्रेन के लिए रवाना हो गया। इसके अलावा 24 और 26 फरवरी को भी वहां फ्लाइट भेजी जाएगी। दरअसल रूस और यूक्रेन के बीच मतभेद गहरा गए हैं। इसके चलते तनावपूर्ण हालात कायम हो गए हैं। यूक्रेन पर हमला करने के लिए रूस ने भरसक तैयारियां कर रखी हैं। दोनों देशों के बीच युद्ध की आशंका से समूची दुनिया में खलबली मची हुई है।

यूक्रेन में काफी संख्या में भारतीय नागरिक बसे हैं। जिन्हें स्वदेश वापस लाने के लिए अभियान की शुरुआत हो गई है। इसके मद्देनजर एयर इंडिया का विशेष विमान मंगलवार की सुबह 7.40 बजे यूक्रेन के लिए रवाना हो गया। यह विमान यूक्रेन में फंसे भारतीयों को लेकर रात दस बजे दिल्ली पहुंचेगा। इसके अलावा भारत की तरफ से फरवरी में 2 और उड़ानों का संचालन किया जाना है। दूसरी फ्लाइट 24 फरवरी तो तीसरी 26 फरवरी को यूक्रेन के लिए उड़ान भरेगी। यूक्रेन और रूस के बीच तनाव को देखकर भारतीय दूतावास ने कुछ दिन पहले एडवाइजरी जारी कर यूक्रेन में रह रहे भारतीय छात्रों और नागरिकों को देश छोड़ने को कहा था।

दूतावास ने कहा था कि यूक्रेन में स्थिति के संबंध में निरंतर उच्च स्तर के तनाव और अनिश्चितता के मद्देनजर सभी भारतीय नागरिक जिनका प्रवास आवश्यक नहीं समझा जाता है और सभी भारतीय छात्रों को अस्थायी रूप से यूक्रेन छोड़ने की सलाह दी जाती है। उधर, रूस द्वारा यूक्रेन के 2 शहरों को स्वतंत्र घोषित किए जाने और सेना भेजने के आदेश के बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने आपात बैठक बुलाई है। इस बैठक में संयुक्त राष्ट्र में भारत के प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने साफ कहा कि सैन्य कार्रवाई किसी के हक में नहीं है। बातचीत के जरिए मसला हल किया जाना चाहिए।