रामपुर में भाजपा का परचम, घर में हारे आजम खान, प्रतिष्ठा को नुकसान

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आजम खान के सितारे गर्दिश में चल रहे हैं। लोकसभा की रामपुर सीट पर उप-चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। उप-चुनाव में भाजपा ने सपा को शिकस्त दे डाली है। भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी ने सपा प्रत्याशी आसिम राजा को पटकनी दी है। रामपुर को आजम खान का गढ़ माना जाता है। ऐसे में सपा और आसिम राजा से ज्यादा धक्का निश्चित रूप से आजम खान को लगा है। सपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित कराने को उन्होंने धुआंधार चुनाव प्रचार किया था। मतदाताओं के बीच जाकर भाजपा के खिलाफ माहौल बनाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी थी। इसके बावजूद चुनाव परिणाम आजम के अनुकूल नहीं आ पाए हैं।

रामपुर में सपा प्रत्याशी की हार इस बात का भी संकेत है कि जनता के बीच आजम की पकड़ पहले के मुकाबले कमजोर हुई है। लंबे समय तक सीतापुर जेल में बंद रहने के बाद कुछ दिन पहले सपा नेता आजम खान की रिहाई हुई थी। रिहाई के कुछ दिन बाद तबीयत खराब होने पर उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। जहां सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उनसे मुलाकात की थी। स्वस्थ्य होने के बाद वह रामपुर लोक सभा सीट के उप-चुनाव के प्रचार-प्रसार में जुट गए थे। उप चुनाव में भाजपा ने घनश्याम सिंह लोधी को मैदान में उतारा था। जबकि सपा ने आसिम राजा को टिकट दिया था।

घनश्याम सिंह काफी समय तक सपा में रहे थे। वह आजम खान के करीबी भी रहे हैं। फरवरी में उन्होंने सपा छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। भाजपा खेमे ने घनश्याम सिंह की जीत सुनिश्चित करने के लिए खूब मेहनत की। इसका परिणाम अब सामने आ चुका है। उप चुनाव में भाजपा उम्मीदवार ने 3 लाख 66 हजार से ज्यादा वोट लिए हैं। उनके प्रतिद्वंदी आसिम राजा को 3 लाख 24 हजार वोट मिले हैं। सपा उम्मीदवार की हार ने सपा से ज्यादा आजम खान की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है। चूंकि रामपुर में उनका जलवा रहा है। वह रामपुर में नवाब खानदार को भी चुनौती देते रहे हैं। आसिम राजा भी राजनीति के पुराने खिलाड़ी हैं।

पिछले दस साल से वह रामपुर से सपा के नगराध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके बाद भी वह चुनाव जीत नहीं पाए। अपने गढ़ में सपा प्रत्याशी की पराजय लंबे समय तक आजम खान को परेशान करती रहेगी। जेल से छूटने के बाद वह सपा में अपनी पुरानी एवं मजबूत भूमिका कायम करने की कोशिश में लग गए थे, मगर उनके प्रयासों को अब धक्का लगा है। उधर, घनश्याम सिंह लोधी की जीत से भाजपा खेमे में जश्न का माहौल है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने ट्वीट भी किया है। उन्होंने लिखा कि घनश्याम सिंह की जीत से भाजपा के विकास का कार्य प्रदर्शित हो गया है।