विधान परिषद चुनाव में भाजपा का वर्चस्व, सपा का सूपड़ा साफ

36 में से 33 सीट पर खिला कमल, पीएम और सीएम ने जताई खुशी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में भाजपा ने कमाल कर दिखाया है। विधान परिषद सदस्य की 36 में से 33 सीट पर भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है। प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी (सपा) को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। एमएलसी चुनाव में सपा का खाता तक नहीं खुल पाया है। विधान सभा चुनाव के बाद विधान परिषद चुनाव में भी सपा को करारी चोट देने में भाजपा कामयाब रही है। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव नतीजे आने के बाद प्रसन्नता जाहिर की है।

यूपी विधान परिषद चुनाव में भाजपा ने 36 में से 33 सीट जीत ली हैं। चुनाव में प्रमुख विपक्षी दल सपा को गहरा धक्का लगा है। सपा का सूपड़ा साफ हो गया है। 33 सीट पर भाजपा उम्मीदवारों ने बाजी मारी है। इसके अलावा 2 सीट पर निर्दलीय और एक सीट पर विधायक राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को जीत मिली है। बसपा एवं कांग्रेस ने एमएलसी चुनाव में हिस्सा नहीं लिया था। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की सीट से माफिया डॉन बृजेश सिंह की पत्नी अन्नपूर्णा सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर जीत दर्ज की है।

इसी प्रकार आजमगढ़ में यशवंत सिंह के बेटे विक्रांत सिंह रिशु ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत का परचम लहराया है। आजमगढ़, गाजीपुर और जौनपुर जैसे जनपदों में भी सपा के प्रत्याशी हार गए हैं। जबकि इन जिलों में विधान सभा चुनाव के दौरान सपा ने अच्छा प्रदर्शन किया था। आजमगढ़ और गाजीपुर में विधान सभा की सभी सीटें जीतने वाली सपा के उम्मीदवारों की दोनों जिलों में करारी हार हुई है।